दुनिया भर की फ़ौजों का एक अलिखित नैतिक कोड है – ड्यूटी पर खड़े सिपाही को अगर मौत या समर्पण में से किसी एक को चुनना हो तो उसने मौत को तरजीह देनी चाहिए जब तक देह में जान हो उसने दुश्मन से लड़ना नहीं छोड़ना है

image

जापान के लेफ्टिनेंट हीरू ओनोदा की कहानी इस फ़ौजी कोड पर डटे रहने की अविश्वसनीय मिसाल है

दूसरा विश्वयुद्ध चल रहा था. तेईस साल के हीरू को फ़ौज में भरती हुए तीन बरस हो चुके थे बचपन में तलवारबाजी के गुर सीख चुके पांच फुट चार इंच लम्बे इस सिपाही को गुप्तचर गतिविधियों की ट्रेनिंग मिली थी दिसंबर 1944 के शुरू में उसे आदेश मिला कि उसकी ड्यूटी फिलिपीन्स की राजधानी मनीला के नज़दीक लुबांग नाम के द्वीप में लगाई गयी है जहाँ उसका काम था अमेरिकी जहाज़ों को न उतरने देने के लिए हरसंभव प्रयास करना. कुछ ही दिनों में वह लुबांग में था

image

28 फरवरी 1945 को अमेरिकी फौजों ने जब इस द्वीप पर हवाई आक्रमण किया, तमाम जापानी सैनिक या तो मारे गए या वहां से भागने की जुगत में लग गए उधर जंगल में छिपे लेफ्टिनेंट हीरू ओनोदा को उसके अधिकारी मेजर योशिमी तानीगुची का लिखित आदेश मिला – “जहाँ हो वहां खड़े रहकर लड़ते रहो हो सकता है इस युद्ध में तीन साल लग जाएँ या हो सकता है पांच साल लग जाएँ कुछ भी हो जाय हम तुम्हें वापस ले जाने ज़रूर आएँगे”

image

मेजर का यह वादा हीरू ओनोदा के लिए जीवनदायी औषधि साबित हुआ और उसने अपने तीन साथियों के साथ जंगल में अपनी ड्यूटी निभाना जारी रखा

उधर हिरोशिमा-नागासाकी घटने के बाद सितम्बर 1945 में जापान ने अमेरिका के सामने हथियार डाल दिए इस के बाद हज़ारों जापानी सैनिक चीन, दक्षिण-पूर्व एशिया और पश्चिमी पैसिफिक जैसे इलाकों में बिखर गए इनमें से कईयों को गिरफ्तार कर वापस देश भेजा गया सैकड़ों ने आत्महत्या कर ली, कई सारे बीमारी और भूख से मारे गए. जापान के हार जाने की खबरें लगातार रेडियो पर प्रसारित की जाती रहीं और इस आशय के पर्चे हवाई जहाजों से गिराए जाते रहे

image

लेफ्टिनेंट हीरू ओनोदा और उसके तीन साथियों को भी ऐसे पर्चे मिले लेकिन उन्होंने उन पर लिखे शब्दों पर यकीन नहीं किया उन्होंने सोचा कि यह दुश्मन के गलत प्रचार का हिस्सा था

चारों सैनिक प्रशिक्षण प्राप्त गुरिल्ले थे और कठिन से कठिन परिस्थितियों में जीना जानते थे जंगल में करीब दस माह रहने के बाद उन्हें इस बात का अहसास हो गया था कि लड़ाई लम्बी चलने वाली है उन्होंने अपने तम्बुओं की बगल में बांस की झोपड़ियां बनाईं और पेट भरने के लिए आसपास के गाँवों से चावल और मांस की चोरी करना शुरू किया जंगल में बेतहाशा गर्मी पड़ती थी और मच्छरों और चूहों के कारण रहना बहुत मुश्किल होता था

धीरे-धीरे उनकी वर्दियां फटने लगीं उन्होंने तार के टुकड़ों को सीधा कर सुईयां बनाईं और पौधों के रेशों से धागों का काम लिया तम्बुओं के टुकड़े फाड़कर वर्दियों की तब तक मरम्मत की जब तक कि वे तार-तार नहीं हो गईं

कभी-कभी कोई अभागा ग्रामीण उनकी चौकी की तरफ आ निकलता तो उनकी गोलियों का शिकार बन जाता फिलीपीनी सेना की टुकड़ियां भी गश्त करती रहती थीं उन्हें चकमा देना भी बड़ी मुश्किल का काम होता था

पांच साल बीतने पर बुरी तरह आजिज़ आ गए हीरू ओनोदा के एक साथी सैनिक ने फिलीपीनी सेना के आगे आत्मसमर्पण कर दिया यह बेहद निराशा पैदा करने वाली घटना थी लेकिन बचे हुए सैनिकों ने हिम्मत नहीं खोई और किसी तरह जीवित रहे चार साल और बीते जब विद्रोहियों की तलाश में निकली स्थानीय पुलिस के हाथों उनमें से एक की मौत हो गई

1954 से लेकर 1972 तक लेफ्टिनेंट हीरू ओनोदा और उसका साथी किनशीची कोजूका ने अगले अठारह साल साथ बिताये इस बीच 1959 में जापानी सेना ने दोनों को आधिकारिक रूप से मृत घोषित कर दिया था 1972 में कोजूका भी पुलिस के हाथों मारा गया

जंगलों में छिपा हीरू ओनोदा उस समय तक पचास साल का हो चुका था. इन पचास में से सत्ताईस साल उसने ड्यूटी पर रहते हुए काटे थे. उसने अभी दो साल और इसी तरह काटने थे

1970 के दशक में टोक्यो यूनीवर्सिटी में शोध कर रहे नोरियो सुजुकी नाम के एक सनकी छात्र को यकीन था कि जापान के कुछ सिपाही फिलीपींस में छिपे मिल सकते हैं इस सिलसिले में वह अनेक इत्तफाकों के चलते 1973 के आख़िरी महीनों में में हीरू ओनोदा से मिल सका

कई गुप्त मुलाकातों के बाद ही वह उसका विश्वास जीत सका उसने उससे कहा वापस जापान चले हीरू ने उत्तर दिया कि वह अपने अधिकारियों के आदेशों का इंतज़ार करेगा

कुछ समय बाद सुजुकी लेफ्टिनेंट हीरू ओनोदा के सगे भाई और एक सरकारी प्रतिनिधिमंडल के साथ वापस लौटा इसके बावजूद हीरू ओनोदा नहीं माना और उसने सुजुकी से कहा कि जब तक उसका कमांडर आदेश नहीं देगा वह अपनी पोस्ट से नहीं हिलेगा

आखिरकार उसी बूढ़े मेजर योशिमी तानीगुची को लुबांग द्वीप लाया गया जिसने दिसम्बर 1944 में हीरू को लड़ाई जारी रखने का आदेश दिया था मेजर साहब तब तक रिटायर हो चुके थे और अपने गृहनगर में किताबों की दुकान चला रहे थे

मेजर को देखते ही ओनोदा उन्हें पहचान गया उसने उन्हें सैल्यूट किया आँखों में आंसू भरे मेजर बोले, “लेफ्टिनेट हीरू ओनोदा, तुम अपनी ड्यूटी छोड़ सकते हो! जापान युद्ध हार गया है!”

साथ लगी तस्वीर में अपने मेजर का आदेश सुनते लेफ्टिनेंट हीरू ओनोदा को देखा जा सकता है उनकी वर्दी में लगी एक-एक थेगली और एक-एक टांका अपनी दास्तान कह रहे हैं. उनकी आँखों की चमक में क्या इबारत लिखी हुई है बताने की जरूरत नहीं

बहुत बाद में पूरी तरह बदले हुए अपने देश जापान पहुँचने के बाद, जहाँ उसका स्वागत करने को हर नगर में हज़ारों-हज़ार लोग सडकों पर खड़े थे, एक पत्रकार ने उससे पूछा, “जंगल में इस तरह तीस साल रहते हुए आपके मन में कौन सी बात रहती थी?”

हीरू ओनोदा का जवाब था, “इस बात के सिवा कुछ ख़ास नहीं कि मुझे अपनी ड्यूटी निभानी थी”

16 जनवरी 2014 को बयानवे साल की आयु में मरने से पहले इस बहादुर सामुराई को दूसरे विश्वयुद्ध के इकलौते जापानी महानायक के तौर पर जाना जाने लगा था

उनकी जीवनी जापान में बेस्टसेलर बनी और मेरे फेवरेट फिल्म निर्देशक वर्नर हर्ज़ोग ने पिछले ही साल उनकी बायोपिक रिलीज की है

आज जब डिस्कवरी जैसे चैनलों में दो-चार रात जंगल में अकेले रह जाने वालों को सर्वाइवल एक्सपर्ट कहकर प्रचारित किया जाता है, हीरू ओनोदा के लगभग तीस साल यानी दस हज़ार दिनों के अकल्पनीय संघर्ष को परिभाषित करने के लिए शायद ही किसी शब्दकोश में कोई विशेषण मिले

9 मार्च 1974 की उस दोपहर मेजर का आदेश सुनने के बाद में चीथड़े पहने हुए हीरू ओनोदा ने अपनी बंदूक जमीन पर रखी और फूट-फूट कर रोने लगा

वह तीस सालों में पहली बार रो रहा था

Leave a Reply

WordPress Vault Mingle SAAS – Social Auto Poster & Scheduler PHP Script Mingrand – Real Estate WordPress Theme Mini - Onepage Personal Portfolio Theme Miniature Earth | 3D Globe for JavaScript Minimal Audio Plugin WpBakery Addon Minimal Posts Revolution For Elementor WordPress Plugin Minimalin – Minimal Multipurpose WooCommerce WordPress Theme Minimo – Portfolio & Agency WordPress Theme Minimog – Next-gen Multipurpose Shopify theme grade-A Minimosity – Magazine, Reviews and News WP Theme